होली से पहले सख्ती—शिवरीनारायण पुलिस ने डरावने मुखौटे किए जप्त

रिपोर्टर: शुभांशु मिश्रा /लोकेशन- जांजगीर-चांपा
जांजगीर-चांपा जिले से बड़ी खबर है।
होली पर्व के मद्देनज़र शिवरीनारायण पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए बाजार में बिक रहे डरावने और भ्रामक मुखौटों को जप्त किया है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में जिलेभर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।


पुलिस को आशंका थी कि होली के दौरान कुछ असामाजिक तत्व इन मुखौटों का इस्तेमाल कर पहचान छिपाकर हुड़दंग, मारपीट या आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे सकते हैं। इसी को देखते हुए एहतियातन यह कार्रवाई की गई।
थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव ने व्यापारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि होली के दौरान किसी भी प्रकार के डरावने, आपत्तिजनक या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले मुखौटे और सामान की बिक्री न करें।
वहीं, पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
पुलिस प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि आदेशों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
होली को सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाने के लिए जिले में लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी जारी है।




