जांजगीर-चांपा में अपराध पर सख्ती, SP ने ली थाना प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक

रिपोर्टर – शुभांशु मिश्रा
लोकेशन – जांजगीर-चांपा
जांजगीर-चांपा में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस ने कमर कस ली है।
आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय जांजगीर के सभा कक्ष में एसपी श्री विजय कुमार पाण्डेय IPS ने जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों की वर्ष 2026 के वर्कप्लान के तहत अपराध समीक्षा बैठक ली।
बैठक में एसपी ने फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, डीजल चोरी, अवैध शराब निर्माण और बिक्री, गांजा व अन्य मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही जुआ–सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सख्त और सतत कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने लंबित अपराध, शिकायतों और मर्ग प्रकरणों का गंभीरता से जांच कर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


साथ ही सामुदायिक पुलिसिंग के तहत जन-जागरूकता कार्यक्रम और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने को कहा।
एसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अपराध नियंत्रण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने आम नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास बनाए रखने के लिए संवेदनशील, जिम्मेदार और सक्रिय पुलिसिंग अपनाने पर जोर दिया।
इस बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप, DSP मुख्यालय विजय पैकरा, SDOP अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी, CSP जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी सहित जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।




