अकलतरा में धान खरीदी को लेकर कांग्रेस का जोरदार आंदोलन, बैरिकेड्स तोड़ SDM कार्यालय पहुंची रैली

रिपोर्टर मयंक
स्थान अकलतरा
अकलतरा क्षेत्र के धान खरीदी केंद्रों में किसानों का टोकन नहीं काटे जाने, अधिकारियों द्वारा दबाव बनाकर रकबा समर्पण करवाने और धान खरीदी की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग को लेकर बुधवार को कांग्रेस ने जोरदार आंदोलन किया। यह आंदोलन विधायक राघवेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में हुआ, जिसमें हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता और किसान शामिल रहे।
सुबह 11:30 बजे महाराणा प्रताप चौक से ट्रैक्टरों के साथ पदयात्रा करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ता और किसान रैली के रूप में SDM कार्यालय पहुंचे। यहां SDOP प्रदीप सौरी, थाना प्रभारी भास्कर शर्मा और पुलिस टीम ने प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की, लेकिन आक्रोशित किसानों और कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड्स तोड़ते हुए कार्यालय परिसर में प्रवेश किया और धरने पर बैठ गए।



विधायक राघवेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि राज्य शासन ने किसानों से एक-एक दाना धान खरीदने का वादा किया था, लेकिन जमीनी स्तर पर टोकन नहीं काटे जा रहे हैं। राजस्व विभाग के अधिकारी भौतिक सत्यापन के नाम पर किसानों पर रकबा समर्पण का दबाव बना रहे हैं। उन्होंने धान खरीदी की अंतिम तिथि 31 जनवरी के बाद बढ़ाने की मांग दोहराई।
पूर्व जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मंजू सिंह ने कहा कि अधिकारियों द्वारा किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है। वहीं पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष पूर्णेन्द्र राणा ने कहा कि धान खरीदी नहीं होने से किसान आर्थिक और मानसिक तनाव में हैं।
करीब एक घंटे चले धरना-प्रदर्शन के बाद SDM सुमित बघेल ने मौके पर पहुंचकर किसानों की मांगों पर पहल करने और धान खरीदी सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा और दोपहर 12:30 बजे आंदोलन समाप्त हुआ।







