वनांचल में जनविश्वास की मजबूत पहल, प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी का जनसंवाद अभियान—ग्रामीणों तक पहुंचे योजनाओं के हक

रिपोर्टर:- सुरेन्द्र साहू
लोकेशन: प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र, जिला सूरजपुर
लोकतंत्र की असली मजबूती राजधानी या दफ्तरों में नहीं, बल्कि गांव की चौपाल और आम जनता के बीच संवाद में दिखाई देती है। इसी सोच को जमीन पर उतारते हुए प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी ने वनांचल क्षेत्र में व्यापक जनसंवाद अभियान चलाया।
इस अभियान के तहत प्रेमनगर मंडल के ग्राम रामेश्वरनगर, महेशपुर और हरिहरपुर में पहुंचकर विधायक ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का भरोसा दिलाया।
घने वन क्षेत्र और दुर्गम इलाकों में स्वयं पहुंचकर ग्रामीणों के बीच समय बिताना यह दर्शाता है कि विधायक मरावी केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर सक्रिय जनप्रतिनिधि की भूमिका निभा रहे हैं। जनसंवाद कार्यक्रम औपचारिकता नहीं, बल्कि ग्रामीणों के मन में विश्वास, संवाद और विकास की नई उम्मीद जगाने वाला प्रयास साबित हुआ।
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
जनसंवाद के दौरान विधायक भूलन सिंह मरावी ने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने ग्रामीणों को आवास योजना, वृद्धावस्था एवं सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, स्वास्थ्य सुविधाएं और शिक्षा से जुड़ी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।
विधायक ने पात्र हितग्राहियों से कहा कि यदि किसी भी योजना के क्रियान्वयन में परेशानी आती है तो वे सीधे उनसे संपर्क करें—समस्या का समाधान उनकी जिम्मेदारी होगी।
विकास के साथ संवेदनशीलता का संदेश
वनांचल क्षेत्र की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए विधायक ने ग्रामीणों से सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने अनावश्यक रूप से रात्रि में बाहर न निकलने की सलाह दी और प्रशासन के साथ समन्वय कर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की बात कही।
ग्रामीण मांगों पर सकारात्मक आश्वासन
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, राशन, पेंशन और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं और मांगें रखीं। विधायक श्री मरावी ने संबंधित विभागों से समन्वय कर शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की रही सक्रिय भागीदारी
इस जनसंवाद कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि एवं मंडल महामंत्री विजय सिरदार, महेंद्र यादव, मंडल अध्यक्ष मिथिला बंजारा, उपाध्यक्ष कंचन श्याम, पूर्व मंडल अध्यक्ष जगमोहन सिंह, जनपद अध्यक्ष फुलेश सिरदार, पुनिया राजवाड़े, नगर पार्षद वीरेंद्र जायसवाल, धनसिंह बंजारा, आदिवासी मोर्चा जिला मंत्री शिवनंदन सिंह, मंडल कोषाध्यक्ष रामध्यान सिंह, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष प्रदीप कुमार साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।




