धान खरीदी महाअभियान की जोरदार शुरुआत – पहले ही दिन किसान से 48 क्विंटल धान खरीदी

सक्ति
राज्य सरकार द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के तहत खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए 15 नवम्बर से पूरे प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी महाअभियान का शुभारंभ हो गया है। इसी क्रम में नवगठित सक्ति जिले में भी धान खरीदी कार्य ने रफ्तार पकड़ ली है। डभरा विकासखंड के ग्राम देवरघटा स्थित धान उपार्जन केन्द्र में सोमवार को जिले की पहली खरीदी की गई, जिससे किसानों में खासा उत्साह देखने को मिला।

धान खरीदी के पहले दिन किसान गेंदराम साहू द्वारा कुल 48 क्विंटल धान की विक्रय सूची दर्ज की गई, जिसने जिले में खरीदी प्रक्रिया को गति प्रदान की। प्रशासनिक अधिकारियों और समिति प्रबंधन ने केंद्र में पहुंचकर पूरी व्यवस्था का जायजा लिया और किसानों को आवश्यक सहयोग प्रदान किया। खरीदी केंद्र में तौल, बारदाना वितरण, टोकन व्यवस्था और भुगतान प्रक्रिया को सहज एवं पारदर्शी बनाए रखने के लिए विशेष निर्देश दिए गए हैं। प्रदेश सरकार ने घोषणा की है कि किसानों से धान की खरीदी नकद और लिंकिंग दोनों माध्यमों से की जाएगी। यह प्रक्रिया 31 जनवरी 2026 तक जारी रहेगी। किसानों की सुविधा के लिए केंद्रों में पीने के पानी, छाया, बैठने की व्यवस्था और आवश्यक मशीनरी की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।
जिला प्रशासन ने कहा है कि किसी भी प्रकार की दिक्कत आने पर त्वरित समाधान के लिए नियंत्रण कक्ष भी सक्रिय किया गया है। धान खरीदी की शुरुआत के साथ ही अब जिले के अन्य केंद्रों में भी किसानों की गतिविधियाँ बढ़ने लगी हैं। नयी सरकार द्वारा धान खरीदी को किसानों की आर्थिक सुरक्षा से जोड़ते हुए इस वर्ष खरीदी लक्ष्य को समय पर पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि इस वर्ष रिकॉर्डतोड़ खरीदी होगी और किसानों को उनकी उपज का पूरा मूल्य समय पर उपलब्ध कराया जाएगा।




