जाँजगीर-चाँपा में छात्रों ने रचा कूटनीति का मंच, डीपीएस में यूएन जनरल असेंबली की तर्ज पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन

दिल्ली पब्लिक स्कूल, जाँजगीर-चाँपा के प्रांगण में संयुक्त राष्ट्र महासभा (United Nations General Assembly) की तर्ज पर एक भव्य शैक्षणिक एवं कूटनीतिक सम्मेलन का सफल आयोजन किया गया। यह विशेष सत्र वैश्विक शांति के समक्ष उत्पन्न खतरों, आक्रामक परिस्थितियों, सीमा पार संघर्ष, सशस्त्र टकराव और अंतरराष्ट्रीय कानून के अंतर्गत शांतिपूर्ण समाधान जैसे गंभीर और समसामयिक विषयों पर केंद्रित रहा।

इस सम्मेलन में 8 विभिन्न विद्यालयों से आए कुल 39 विद्यार्थियों ने प्रतिनिधि के रूप में भाग लिया और विभिन्न देशों का प्रतिनिधित्व करते हुए वैश्विक मुद्दों पर अपने विचार, तर्क और समाधान प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने प्रभावशाली भाषण, तार्किक विश्लेषण और कूटनीतिक शैली में संवाद करते हुए यह सिद्ध किया कि भविष्य का नेतृत्व सजग और वैश्विक दृष्टि से सशक्त है।
सम्मेलन में दिल्ली पब्लिक स्कूल जाँजगीर-चाँपा, हरिराम गट्टानी मेमोरियल जय भारत इंग्लिश मीडियम स्कूल जाँजगीर, लोटस पब्लिक स्कूल जाँजगीर, तक्षशिला इंटरनेशनल स्कूल शिवरीनारायण, मोनेट डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल रायगढ़, एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल सक्ती, त्रिलोकी पब्लिक स्कूल कटघोरा तथा जी.एल.डी. पब्लिक स्कूल खरताल के विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
डीपीएस जाँजगीर-चाँपा से मन्नत वैष्णव ने भारत, पार्थ अग्रवाल ने रूस, गर्वित शर्मा ने अमेरिका, नम्रता अग्रवाल ने यूएई, विजयलक्ष्मी साहू ने न्यूजीलैंड, तनिषा यादव ने फ्रांस, चैतन्या सिंह ने जर्मनी, आरिज इकबाल ने बेलारूस और आर्यन सिदार ने पोलैंड का प्रतिनिधित्व किया। सभी प्रतिभागियों ने आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुति और तथ्यात्मक तर्कों से श्रोताओं को प्रभावित किया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मन्नत वैष्णव (डीपीएस चाँपा) को बेस्ट स्पीकर, तनिषा यादव (डीपीएस चाँपा) को बेस्ट ऑसर, आस्था डनसेना (मोनेट डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल रायगढ़) को बेस्ट डेलीगेट तथा अनुप्रिया (जय भारत इंग्लिश मीडियम स्कूल जाँजगीर) को बेस्ट क्वेश्चन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डीपीएस की प्राचार्य श्रीमती कल्पना सिंह एवं ईएमआरएस पलाड़ी खुर्द के प्राचार्य श्री मनोज गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत गीत एवं नृत्य से हुआ, जिसे शिक्षक सुभाषचंद्र यादव, सोनू कुमार एवं राजेन दास के निर्देशन में विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किया। स्वागत भाषण प्रधान शिक्षक लोकेश गाबा एवं केशर कश्यप ने दिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन तोशू श्री दुबे, भूमि श्री जीत राय, कनक शेखर राठौर, अनुष्का शुक्ला, चरिता अजय एवं अन्वेषा राठौर ने किया, जबकि अमित शुक्ला ने आभार प्रदर्शन करते हुए सभी अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। अंत में मुख्य अतिथि श्री मनोज गुप्ता को स्मृति चिह्न, शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए वैश्विक नागरिकता, संवाद, नेतृत्व और शांति के मूल्यों को समझने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल साबित हुआ। कार्यक्रम की सफलता में शिक्षक निशांत कुमार, प्रधान शिक्षक लोकेश गाबा सहित समस्त सामाजिक विज्ञान (सीएसटी) विभाग और विद्यालय परिवार का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथियों एवं विद्यालय प्रबंधन समिति ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल, सफल और वैश्विक दृष्टि से समृद्ध भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।




