डी.पी.एस. जांजगीर-चांपा के विद्यार्थियों ने राष्ट्रभाषा हिंदी ओलंपियाड-2025 में इतिहास रचा, 35 प्रतिभाओं ने जिले का नाम रोशन किया

स्थान: जांजगीर-चांपा
नई दिल्ली स्थित हिंदी विकास संस्थान द्वारा आयोजित राष्ट्रभाषा हिंदी ओलंपियाड परीक्षा-2025 में दिल्ली पब्लिक स्कूल, जांजगीर-चांपा के विद्यार्थियों ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का लोहा मनवाया। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में विद्यालय के कुल 100 विद्यार्थियों की सहभागिता रही, जिसमें से 35 विद्यार्थियों ने ऐसे परिणाम हासिल किए कि समूचा नगर गर्व और हर्ष से अभिभूत हो उठा।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि में विशेष रूप से कक्षा तीसरी की दो मेधावी छात्राएँ – रूषिका देवांगन (पुत्री श्री राजकिशोर देवांगन) और रशिका अग्रवाल (पुत्री श्री नीरज अग्रवाल) ने राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय का नाम रौशन किया। इन दोनों छात्राओं को दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री संग्रहालय में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।

साथ ही, विद्यालय के अन्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को भी उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया जाएगा:
स्वर्ण पदक: 14 विद्यार्थी
रजत पदक: 13 विद्यार्थी
काँस्य पदक: 8 विद्यार्थी
विद्यालय प्रबंधन समिति ने इस गौरवपूर्ण सफलता पर सभी विजेता विद्यार्थियों, मार्गदर्शक शिक्षकों और अभिभावकों को हार्दिक बधाई दी। समिति ने कहा कि डी.पी.एस. चांपा में हिंदी केवल एक विषय नहीं बल्कि संस्कार, संवेदना और राष्ट्रभक्ति की आत्मा है।
विद्यालय ने यह भी स्पष्ट किया कि यह उपलब्धि केवल विद्यालय तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरा जांजगीर-चांपा जिला गर्व महसूस कर रहा है। इस सफलता ने यह प्रमाणित कर दिया कि डी.पी.एस. चांपा में प्रतिभा को पहचान मिलती है, परिश्रम को सम्मान मिलता है और सपनों को सही दिशा एवं सशक्त उड़ान मिलती है।




