
लोकेशन – सूरजपुर छत्तीसगढ़
रिपोर्टर – सुरेन्द्र साहू
सूरजपुर जिले में धान खरीदी व्यवस्था को लेकर प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। कलेक्टर एस. जयवर्धन ने जिले के विभिन्न धान खरीदी केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने धान खरीदी में पारदर्शिता और नियमों के कड़ाई से पालन के निर्देश दिए। कलेक्टर एस. जयवर्धन ने परशुरामपुर धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने किसानों को पुराने धान की बिक्री से रोकने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि यदि बाहरी धान की अवैध बिक्री की जानकारी मिलती है तो तत्काल जिला प्रशासन को सूचित करें, ताकि दोषियों पर कार्रवाई की जा सके। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने रकबा सुधार, टोकन व्यवस्था और किसानों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही धान उठाव की स्थिति का भी जायजा लिया और किसी भी तरह की अनियमितता पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।


इसके बाद कलेक्टर ने उमेश्वरपुर धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने तौल के तुरंत बाद बारदाना की सिलाई कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्वयं टोकन का सत्यापन किया और धान की नमी मात्रा की भी जांच की। केंद्र में अव्यवस्था पाए जाने पर उमेश्वरपुर समिति प्रबंधक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं
कलेक्टर ने मंहगई धान खरीदी केंद्र का भी निरीक्षण किया। यहां टोकन सत्यापन और रकबा समर्पण की स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। और कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि धान खरीदी का कार्य पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरा किया जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान खाद्य अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।






