
लोकेशन-सूरजपुर, छत्तीसगढ़/रिपोर्टर-सुरेन्द्र साहू


सूरजपुर जिले में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में बड़ी पहल की गई है। जिले को 9 नई 108 एम्बुलेंस की सौगात मिली है। इन एम्बुलेंस को आज जिला अस्पताल परिसर से महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
ये सभी एम्बुलेंस एडवांस और बेसिक लाइफ सपोर्ट सिस्टम से लैस हैं, जिनमें बीपी मॉनिटर, पल्स ऑक्सीमीटर, ऑक्सीजन सपोर्ट सहित आवश्यक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध हैं।
इनकी मदद से शहरों में 15 मिनट और ग्रामीण क्षेत्रों में 30 मिनट के भीतर मरीजों तक पहुंच सुनिश्चित की जाएगी। इससे घटनास्थल पर ही प्राथमिक उपचार मिल सकेगा और मरीज को समय पर अस्पताल तक पहुंचाया जा सकेगा।
नई एम्बुलेंस के शामिल होने से जिले के दूरस्थ और ग्रामीण इलाकों में भी स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक प्रभावी और मजबूत होंगी।




