सूरजपुर पुलिस ने चोरी हुआ ट्रैक्टर जिला कोरिया से बरामद किया

रिपोर्टर:- सुरेन्द्र साहू
लोकेशन:- सूरजपुर, छत्तीसगढ़
थाना सूरजपुर क्षेत्र से चोरी हुआ ट्रैक्टर पुलिस ने जिला कोरिया के कुड़ेली इलाके से बरामद कर लिया है। हालांकि आरोपी अभी फरार है, लेकिन पुलिस उसकी तलाश में लगातार जुटी हुई है। मामला ग्राम चंपकनगर निवासी हिमांशु कुशवाहा का है, जिन्होंने 14 जनवरी 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 4 जून 2025 को हरिशचंद कुशवाहा से ट्रैक्टर क्रमांक CG 29 AE 5694 खरीदा था, जिसका अभी रजिस्ट्रेशन उनके नाम पर नहीं हुआ था। 13 जनवरी की रात खेत की जुताई के बाद ट्रैक्टर घर के सामने खड़ा किया गया था, लेकिन रात करीब 1 बजे बाहर निकलने पर वह ट्रैक्टर गायब पाया।
शिकायत के आधार पर थाना सूरजपुर में अपराध क्रमांक 24/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर श्री प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैंकरा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर चोरी का ट्रैक्टर जिला कोरिया के कुड़ेली इलाके में झाड़ियों और गड्ढे के बीच छिपाकर रखा गया मिला। बरामद ट्रैक्टर की अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
सूरजपुर पुलिस की इस तत्पर कार्रवाई से पीड़ित को राहत मिली है, वहीं अपराधियों में डर का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोर को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




