राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का समापन, सरगुजा पुलिस ने किया हेलमेट वितरण और सम्मान समारोह

विनीत मिश्रा
अंबिकापुर
अंबिकापुर के पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में आज राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का समापन किया गया।
एक जनवरी से 31 जनवरी तक चले इस अभियान के दौरान सरगुजा पुलिस ने जिलेभर में लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।
समापन कार्यक्रम में हेलमेट वितरण के साथ-साथ बेहतर कार्य करने वाले पुलिस जवानों को सम्मानित किया गया।
बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने और आम लोगों में जागरूकता लाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह चलाया गया।
सरगुजा जिले में भी यह अभियान एक जनवरी से 31 जनवरी तक लगातार चला।
इस दौरान सरगुजा पुलिस ने जागरूकता रथ के माध्यम से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि नियमों की अनदेखी न केवल दुर्घटनाओं का कारण बनती है, बल्कि परिवारों को अपूरणीय क्षति भी पहुंचाती है।


जिले में हुए अधिकांश सड़क हादसों में यह सामने आया है कि दोपहिया वाहन चालक हेलमेट का उपयोग नहीं करते, जिससे सिर में गंभीर चोट लगने पर जान चली जाती है।
वहीं, ट्रैफिक सिग्नल और नियमों की अनदेखी भी हादसों की बड़ी वजह बनी हुई है।
पूरे एक महीने तक सरगुजा पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और लोगों की जान बचाई जा सके।
अभियान के समापन पर पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में स्कूली छात्राओं और सामाजिक संस्थाओं द्वारा नाट्य प्रस्तुति के जरिए सड़क सुरक्षा का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान हेलमेट का वितरण किया गया और बेहतर कार्य करने वाले पुलिस जवानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।




