सुरमिला राजवाड़े हत्याकांड का खुलासा — लटोरी पुलिस ने ऑटो चालक को किया गिरफ्तार

सूरजपुर
लटोरी पुलिस ने एक सनसनीखेज अंधे कत्ल का खुलासा करते हुए आरोपी ऑटो चालक राहुल कुशवाहा को गिरफ्तार किया है। यह मामला ग्राम सोनवाही निवासी सुरमिला राजवाड़े की हत्या से जुड़ा है, जिनका शव 26 अक्टूबर को सोनवाही चौक के पास एक गड्ढे में मिला था।
मामले की शुरुआत तब हुई जब सुरमिला के पति हुकुमसाय राजवाड़े ने 25 अक्टूबर को पत्नी के गुम होने की रिपोर्ट लटोरी चौकी में दर्ज कराई थी। सुरमिला रोजाना की तरह सब्जी बेचने अंबिकापुर गई थीं और रात 9-10 बजे तक लौट आती थीं, लेकिन उस दिन वे घर नहीं पहुँचीं। अगले दिन उनका शव मिलने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला (अपराध क्र. 258/2025, धारा 103(1) BNS) दर्ज किया।
डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर एएसपी संतोष महतो और एसडीओपी अभिषेक पैंकरा के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में जांच कर सैकड़ों ऑटो चालकों से पूछताछ की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को पता चला कि सुरमिला आखिरी बार एक ऑटो में देखी गई थीं।
पूछताछ में संदेही ऑटो चालक राहुल कुशवाहा ने जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि 25 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे सोनवाही चौक पर उसने सुरमिला के साथ जबरन गलत करने की कोशिश की, विरोध करने पर गुस्से में आकर उसने गला दबाकर और मारपीट कर हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ऑटो को जब्त कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया।




