बलरामपुर

बलरामपुर में पुलिस कस्टडी में संदिग्ध की मौत – परिजनों ने लगाया पिटाई का आरोप, जांच की उठी मांग

स्थान: बलरामपुर

रिपोर्टर: दयाशंकर यादव,संभाग ब्यूरो

बलरामपुर जिले से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है। कुछ दिन पहले ज्वेलरी शॉप में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था, लेकिन इसी प्रकरण में पूछताछ के लिए पकड़े गए नौवें संदिग्ध की पुलिस कस्टडी में मौत हो गई है। परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि युवक की मौत पुलिस की पिटाई से हुई है।

जानकारी के मुताबिक, बलरामपुर में कुछ दिन पहले शहर के एक ज्वेलरी शॉप में चोरी की बड़ी वारदात हुई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इसी प्रकरण में सीतापुर निवासी एक युवक को नौवें संदिग्ध के रूप में हिरासत में लिया गया था।

पुलिस ने बताया कि संदिग्ध से चोरी के सिलसिले में पूछताछ की जा रही थी, इस दौरान उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वहीं, मृतक के परिजनों का आरोप है कि युवक पूरी तरह स्वस्थ था और उसकी मौत पुलिस की मारपीट के कारण हुई है। परिजनों ने इसे हिरासत में हत्या करार देते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

घटना की जानकारी फैलते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है। लोगों ने पुलिस पर कार्रवाई की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाई है।

फिलहाल, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पूरे मामले की जांच की बात कह रहे हैं। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है, और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारण का खुलासा हो सकेगा।

पुलिस कस्टडी में मौत के बाद उठे सवाल — क्या बलरामपुर पुलिस की पूछताछ बनी मौत की वजह?

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button