
रिपोर्टर-डॉ. प्रताप नारायण सिंह/लोकेशन-सूरजपुर
जांजगीर-चांपा जिले में एक युवक की आत्महत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच की, जिसमें चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं।

जानकारी के मुताबिक 25 वर्षीय सनत कुमार कश्यप, निवासी चोरभट्टी थाना मुलमुला जिला जांजगीर-चांपा, जो फिलहाल उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम पताढी स्थित अशोक लीलैंड वर्कशॉप में रह रहा था, उसने आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या से पहले बनाए गए एक वीडियो में मृतक ने कहा था कि पंतोरा चौकी पुलिस द्वारा फोन कर उसे गाली-गलौज करते हुए प्रताड़ित किया जा रहा है, जिसके कारण वह आत्महत्या करने जैसा कदम उठा रहा है।
वीडियो वायरल होने के बाद जांजगीर-चांपा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की। जांच में पता चला कि यह कॉल पुलिस द्वारा नहीं बल्कि कोरबा जिले के ग्रेवरा बस्ती निवासी सचिन खरे ने किया था।
दरअसल सचिन खरे की 21 वर्षीय बहन स्नेहा खरे 12 मार्च 2026 को कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी और रात तक घर नहीं लौटी। बहन की तलाश के दौरान सचिन को जानकारी मिली कि वह उसके मामा के लड़के धीरेन्द्र पाटले के साथ गई है।
इस पर सचिन खरे ने धीरेन्द्र पाटले के दोस्त सनत कश्यप को सबक सिखाने के इरादे से पुलिस बनकर फोन किया। उसने अपने भाई मामा के लड़के शैलेन्द्र पाटले के मोबाइल नंबर से सनत कश्यप को कॉल कर खुद को पंतोरा चौकी का पुलिसकर्मी बताया और गाली-गलौज करते हुए उसे थाने आने के लिए कहा।
अचानक आए इस फोन कॉल और धमकी से सनत कश्यप घबरा गया और डर के कारण उसने आत्महत्या जैसा खौफनाक कदम उठा लिया।
मामले की जांच के बाद जांजगीर-चांपा पुलिस ने आरोपी सचिन खरे को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने थाना बलौदा में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 113/26 के तहत धारा 204 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
वहीं दूसरी ओर आरोपी की बहन स्नेहा खरे की गुमशुदगी की रिपोर्ट कोरबा जिले के कुसमुंडा थाने में दर्ज है, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।




