
रिपोर्टर-दीपक वर्मा/लोकेशन-कुनकुरी, जशपुर
जशपुर जिले के कुनकुरी में भक्ति का विशाल दरबार सजने जा रहा है। सलियाटोली मिनी स्टेडियम में 2 अप्रैल से 8 अप्रैल 2026 तक सात दिवसीय भव्य श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन में पूज्य स्वामी चिन्मयानंद बापू अपने मुखारविंद से भगवान श्रीराम की कथा का रसपान कराएंगे। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिल रहा है।




कुनकुरी नगर का सलियाटोली मिनी स्टेडियम इन दिनों भक्ति और आध्यात्मिकता के रंग में रंगता नजर आ रहा है। 2 अप्रैल से शुरू होने वाली सात दिवसीय श्रीराम कथा के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन स्थल को भव्य रूप से सजाया जा रहा है और श्रद्धालुओं के बैठने सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
आयोजन प्रमुख राजीव नंदे ने जानकारी देते हुए बताया कि कथा की शुरुआत भव्य कलश यात्रा के साथ होगी। यह यात्रा विसर्जन तालाब से जल उठाकर कथा स्थल तक निकाली जाएगी, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। सात दिनों तक चलने वाली इस कथा में भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रेरणादायक प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा, जिससे श्रद्धालु धर्म, मर्यादा और आदर्श जीवन के मूल्यों को आत्मसात कर सकेंगे।
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। कलेक्टर रोहित व्यास, एसडीएम नंद जी पांडे और एसएसपी डॉक्टर लाल उमेद सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक में सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
इस दौरान जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और आयोजन समिति के सदस्य भी मौजूद रहे। आयोजन समिति ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस भव्य धार्मिक आयोजन को सफल बनाएं।
कुनकुरी में होने जा रहा यह श्रीराम कथा आयोजन न सिर्फ धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि पूरे क्षेत्र में भक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश भी फैलाएगा।




