सिडनी आतंकी हमला: बाप-बेटे पर शक, पाकिस्तानी मूल होने की जांच; बॉन्डी बीच फायरिंग में 16 की मौत

ऑस्ट्रेलिया के सिडनी स्थित बॉन्डी बीच पर यहूदियों के हनुक्का फेस्टिवल के दौरान हुई फायरिंग को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। ऑस्ट्रेलियाई पुलिस के मुताबिक हमले के आरोपी बाप-बेटे थे और दोनों के पाकिस्तानी मूल के होने का शक है। इस आतंकी हमले में अब तक 16 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें एक 10 साल की बच्ची और एक इजराइली नागरिक शामिल हैं, जबकि 45 लोग घायल बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने बताया कि 50 वर्षीय साजिद अकरम को जवाबी कार्रवाई में मौके पर ही ढेर कर दिया गया, जबकि उसका 24 वर्षीय बेटा नवीद अकरम गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। साजिद के पास लाइसेंसी हथियार थे और वह गन क्लब का सदस्य भी था। उसके पास कानूनी तौर पर 6 बंदूकें थीं।
ऑस्ट्रेलिया के गृह मंत्री टोनी बर्क के अनुसार, साजिद 1998 में छात्र वीजा पर ऑस्ट्रेलिया आया था और बाद में पार्टनर वीजा के जरिए रेजिडेंट रिटर्न वीजा पर रह रहा था। उसे ऑस्ट्रेलियाई नागरिकता नहीं मिली थी। नवीद ऑस्ट्रेलिया में जन्मा नागरिक है और 2019 में ASIO की जांच में आया था, हालांकि तब कोई खतरा सामने नहीं आया था।
हमले के बाद पुलिस ने आरोपियों के घर पर छापा मारा है और आतंकी साजिश के सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है।




