जशपुर

दंतैल हाथी का आतंक: 10 दिनों से दहशत, तीन घर ध्वस्त, ग्रामीण बेघर

रिपोर्टर – दीपक वर्मा
लोकेशन – वन परिक्षेत्र पत्थलगांव, जिला जशपुर
दिनांक – 12/01/2026

जशपुर जिले के पत्थलगांव वन परिक्षेत्र से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां बीते दस दिनों से एक दंतैल हाथी लगातार उत्पात मचा रहा है। हाथी की लगातार आवाजाही से ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

दरअसल बीती रात ग्राम कुड़केल खजरी में दंतैल हाथी ने चमर साय और सुबल साय के घरों को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। वहीं ग्राम शेखरपुर में हाथी ने देवानंद पैंकरा के घर को तोड़ते हुए घर में रखा अनाज भी चट कर दिया।
घरों के टूटने से प्रभावित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। लगातार हाथी की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है और लोग रातें जागकर गुजारने को मजबूर हैं।

के.एस. पैंकरा (एसडीओ, वन विभाग) का कहना है
“वन विभाग की टीम लगातार हाथी की निगरानी कर रही है। क्षति का आकलन कर मुआवजा प्रकरण तैयार किया जा रहा है। ग्रामीणों को मुनादी के माध्यम से सतर्क किया जा रहा है और प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है।”

हालांकि वन विभाग की टीम मौके पर तैनात है, लेकिन बड़ा सवाल यही है कि आखिर कब तक ग्रामीणों को दंतैल हाथी के इस आतंक से राहत मिलेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button