दिल्ली में कांग्रेस की शक्ति-परीक्षा: 14 दिसंबर की ‘मेगा रैली’ से बढ़ी राजनीतिक गर्मी, रामलीला मैदान में जुटेगी ताकत

दिल्ली की राजनीति अगले हफ्ते गर्म होने वाली है। कांग्रेस 14 दिसंबर को रामलीला मैदान में अपनी ‘मेगा शक्ति-प्रदर्शन रैली’ करने जा रही है, जिसकी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। पार्टी इसे अब तक की सबसे बड़ी जनसभा बताकर भारी भीड़ जुटाने में पूरी ताकत झोंक रही है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में रैली की सभी व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी की मौजूदगी की तैयारी को लेकर भी अंतिम रणनीति तय की गई। एआईसीसी पर्यवेक्षक नीरज डांगी और बी.पी. सिंह ने भी प्रबंधन का जायजा लिया।
रैली के लिए कांग्रेस ने हर वार्ड में ‘कंट्रोल रूम’ बनाया है, जहां कार्यकर्ताओं को लगातार कॉल करके उपस्थिति सुनिश्चित की जा रही है। पार्टी ने बसों के जरिए बड़े पैमाने पर कार्यकर्ताओं को मैदान तक लाने की योजना बनाई है। खुद प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव बादली क्षेत्र से आने वाली बस में कार्यकर्ताओं के साथ रैली स्थल पहुंचेंगे।
देवेंद्र यादव ने भाजपा पर आरोप दोहराते हुए कहा कि “वोट चोरी” को लेकर दिल्ली में व्यापक नाराजगी है और इसी मुद्दे पर जनता व कार्यकर्ता रैली में बड़ी संख्या में जुटेंगे। कांग्रेस का दावा है कि 14 दिसंबर की यह रैली आगामी राजनीतिक समीकरणों को नया मोड़ दे सकती है।




