टांगी से जानलेवा हमला करने वाला आरोपी चंद घंटे में गिरफ्तार

रिपोर्टर-शुभांशु मिश्रा/लोकेशन-जांजगीर-चांपा
जांजगीर-चांपा जिले के चांपा थाना क्षेत्र में हत्या की नीयत से टांगी से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने गाली-गलौज के विवाद के बाद युवक के सिर पर टांगी से प्राणघातक वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

मामला चांपा थाना क्षेत्र के कुरदा गांव का है, जहां आरोपी कीर्तन पटेल ने सुखराम पटेल के घर के पास पहुंचकर गाली-गलौज की। मना करने पर आरोपी घर गया और टांगी लेकर वापस आया और सुखराम पटेल के सिर पर हमला कर दिया। हमले में घायल सुखराम पटेल को इलाज के लिए बीडीएम अस्पताल चांपा में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही चांपा पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की और कुछ ही घंटों में आरोपी कीर्तन पटेल, उम्र 32 वर्ष, निवासी कुरदा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल टांगी भी बरामद कर ली है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।




