
लोकेशन: सूरजपुर, छत्तीसगढ़ / रिपोर्टर: सुरेन्द्र साहू
सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी छात्रा को इंस्टाग्राम के जरिए अपने संपर्क में लाया था।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामानुजनगर थाना क्षेत्र में एक परिजन ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 17 वर्षीय नाबालिग बेटी 14 मार्च 2026 को सुबह करीब 9 बजे 12वीं की परीक्षा देने स्कूल के लिए निकली थी, लेकिन परीक्षा के बाद घर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन छात्रा का कोई पता नहीं चल सका, जिसके बाद अपहरण की आशंका जताई गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। जांच के दौरान छात्रा के मोबाइल की कॉल डिटेल और लोकेशन के आधार पर एक संदिग्ध कार की जानकारी मिली। वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के जरिए पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।


पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी छात्रा से पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी और बातचीत के बाद वह उसे अपने साथ लेकर चला गया।
पुलिस ने आरोपी की पहचान बंटी सिंह राजपूत (25 वर्ष), निवासी ग्राम अन्नी, थाना कानड़, जिला आगर मालवा (मध्यप्रदेश) के रूप में की है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में रामानुजनगर थाना टीम की अहम भूमिका रही।




