छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

“6 लाख की सरकारी मदद का झांसा देकर बुजुर्ग महिला से 3 लाख की सोने की माला ठगने वाला आरोपी गिरफ्तार”

रिपोर्टर-शुभांशु मिश्रा/लोकेशन- जांजगीर-चांपा

जांजगीर-चांपा पुलिस ने बुजुर्ग महिला से ठगी के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने इलाज के नाम पर सरकारी सहायता दिलाने का झांसा देकर महिला से कीमती सोने की माला और नगद रकम ठग ली थी।
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि पीड़िता श्रीमती लक्ष्मीबाई चंद्रा, निवासी अरसिया, थाना जैजैपुर, अपने पति के इलाज के लिए चांपा अस्पताल में मौजूद थीं। इसी दौरान 9 फरवरी 2026 को एक अज्ञात व्यक्ति उनके पास आया और खुद को रिश्तेदार बताते हुए विश्वास में लिया।
आरोपी ने महिला को यह कहकर झांसा दिया कि ज़हर खाने वाले मरीज को शासन की ओर से 6 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिलती है और इसके लिए कुछ औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। इसी बहाने वह महिला को अस्पताल से बाहर ले गया और चांपा स्थित भारतीय स्टेट बैंक पहुंचाया।
फॉर्म भरने और अन्य प्रक्रिया के नाम पर आरोपी ने महिला से 6,500 रुपये लिए और फिर वजन कराने का बहाना बनाकर उनसे सोने की 13 फर वाली माला, पर्स में रखे 13,500 रुपये नगद और मोबाइल फोन ले लिया। इसके बाद आरोपी महिला को वहीं बैठने को कहकर फरार हो गया।
काफी देर तक इंतजार के बाद जब आरोपी वापस नहीं लौटा तो पीड़िता ने थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी हरिशंकर उर्फ राहुल डेंसिल ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 3 लाख रुपये कीमत की सोने की माला बरामद कर ली है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही, जिसकी वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना की है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button