हाथ-पैर बांधकर युवक की पिटाई, भिलाई खुर्द में दबंगों की करतूत उजागर

बलरामपुर
जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक को कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। आरोप है कि दबंगों ने युवक के हाथ-पैर बांधकर लाठी-डंडों से उसकी पिटाई की। घटना भिलाई खुर्द की बताई जा रही है, जो बरियों पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आती है।
जिले के भिलाई खुर्द गांव में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक पीड़ित युवक क्रेशर प्लांट में पोकलेन मशीन चलाने का काम करता है। किसी आपसी विवाद के चलते कुछ दबंगों ने उसे जबरन पकड़ लिया और एक कमरे में बंद कर दिया।
कमरे के अंदर युवक के हाथ-पैर बांध दिए गए और फिर उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। आरोपी लगातार उसे डंडों और लोहे की रॉड से मारते रहे, जबकि युवक रहम की भीख मांगता रहा। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो किसी ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो वायरल होते ही इलाके में हड़कंप मच गया। लोग इस बर्बरता की निंदा कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि घटना बरियों पुलिस चौकी क्षेत्र की है। फिलहाल पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक पीड़ित युवक का बयान दर्ज किया जा रहा है और वीडियो में दिख रहे आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही उनके खिलाफ गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।




