सक्ती

नेशनल कॉन्वेंट स्कूल डभरा में धूमधाम से संपन्न हुआ वार्षिक उत्सव, बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने सबका मोहा मन

लोकेशन – सक्ति जिला
दिनांक – 03/01/2026
रिपोर्टर – लाला उपाध्याय

सक्ती जिले के अंतर्गत नगर पंचायत डभरा स्थित नेशनल कॉन्वेंट स्कूल एवं श्री शंकराचार्य महाविद्यालय में, शुक्रवार दो जनवरी को वार्षिक उत्सव कार्यक्रम हर्षोल्लास और भव्यता के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत, नाटक एवं एकांकी जैसी विविध रंगारंग प्रस्तुतियाँ देकर उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। सभी प्रस्तुतियाँ शिक्षाप्रद होने के साथ-साथ मनोरंजक रहीं, जिनका बच्चों, अभिभावकों और अतिथियों ने भरपूर आनंद उठाया।

कार्यक्रम के दौरान स्कूल परिसर उत्सवमय माहौल से सराबोर रहा। विद्यार्थियों की आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुतियों ने दर्शाया कि उन्होंने कार्यक्रम की तैयारी पूरी लगन और समर्पण के साथ की थी। इस अवसर पर नेशनल कॉन्वेंट स्कूल के संचालक सुशील चंद्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालय में पिछले 32 वर्षों से निरंतर वार्षिक उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बच्चों द्वारा कार्यक्रम की तैयारी लगभग दस दिन पूर्व से शुरू कर दी जाती है और सभी विद्यार्थी बड़े उत्साह के साथ इसमें भाग लेते हैं।

वार्षिक उत्सव का आयोजन नगर के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमल किशोर पटेल, नेतराम चंद्रा, बाबूलाल पटेल, सनातन कुमार बरेठ सहित अनेक गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं शिक्षकगण मौजूद रहे। अतिथियों ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए विद्यालय प्रबंधन को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।

कार्यक्रम के अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया गया। नेशनल कॉन्वेंट स्कूल डभरा का यह वार्षिक उत्सव विद्यार्थियों की प्रतिभा, अनुशासन और रचनात्मकता का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button