वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ पर सजेगा राष्ट्रभक्ति का रंग, सक्ती जिले में चार चरणों में होंगे भव्य आयोजन

कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने अधिकारियों को दिए निर्देश — जनभागीदारी और उत्साह से सम्पन्न होगा आयोजन
सक्ती, 6 नवम्बर 2025
भारत के राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम” के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पूरे देश के साथ-साथ सक्ती जिले में भी राष्ट्रभक्ति का जश्न पूरे उल्लास के साथ मनाया जाएगा। शासन के निर्देशानुसार जिलेभर में ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत, नगर निकाय, विद्यालयों और महाविद्यालयों में चार चरणों में भव्य आयोजन किए जाएंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा 7 नवम्बर को प्रातः 10 से 11 बजे तक किया जाएगा, जिसका सीधा प्रसारण दूरदर्शन के माध्यम से सभी शासकीय कार्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में दिखाया जाएगा। प्रधानमंत्री के संबोधन के पश्चात सामूहिक रूप से वंदे मातरम का गायन किया जाएगा।
कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने सभी विभागीय अधिकारियों, नगरीय निकायों और पंचायत प्रतिनिधियों को निर्देश दिए हैं कि आयोजन को उत्साहपूर्वक और गरिमा के साथ सम्पन्न किया जाए। उन्होंने कहा कि यह अवसर राष्ट्रगौरव और एकता की भावना को मजबूत करने का है, इसलिए जनभागीदारी को अधिक से अधिक सुनिश्चित किया जाए।
चार चरणों में मनाया जाएगा आयोजन
कलेक्टर ने बताया कि वंदे मातरम 150 वर्ष समारोह का आयोजन चार चरणों में किया जाएगा —
- प्रथम चरण: 7 से 14 नवम्बर 2025
- द्वितीय चरण: 19 से 26 जनवरी 2026 (गणतंत्र दिवस सप्ताह)
- तृतीय चरण: 7 से 15 अगस्त 2026 (हर घर तिरंगा अभियान के साथ)
- चतुर्थ चरण: 1 से 7 नवम्बर 2026 (समापन सप्ताह)
विविध सांस्कृतिक और रचनात्मक कार्यक्रम
इस अवसर पर जिले में वंदे मातरम के विभिन्न रूपों पर आधारित सांगीतिक कार्यक्रम, कवि सम्मेलन, लघु फिल्म प्रदर्शन, चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिता, प्रदर्शनी, स्मारक डाक टिकट और सिक्का विमोचन की फिल्म आदि का आयोजन किया जाएगा। विद्यालयों में बैंड की प्रस्तुतियों के माध्यम से वंदे मातरम को समर्पित सांगीतिक कार्यक्रम होंगे।
एनसीसी, एनएसएस, स्काउट और गाइड के दल इन कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे। इसके साथ ही शैक्षणिक संस्थानों में विशेष सभाएं, निबंध लेखन, वाद-विवाद, प्रश्नोत्तरी, पोस्टर निर्माण एवं अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी, जिससे विद्यार्थियों में राष्ट्रगीत वंदे मातरम के प्रति भावनात्मक जुड़ाव और देशभक्ति की भावना को और सशक्त किया जा सके।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि कार्यक्रमों की तैयारी समय पर पूर्ण की जाए तथा हर आयोजन में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए ताकि जिलेभर में वंदे मातरम की गूंज एक स्वर में सुनाई दे।




