स्याहीमुड़ी में मार्ग बंद करने का विवाद सुलझा: जनता और प्रबंधन के बीच हुई द्विपक्षीय वार्ता

रिपोर्टर:- संगम दुबे
लोकेशन:- कोरबा
कोरबा के वार्ड क्रमांक 51 स्याहीमुड़ी में एचटीटीपी कॉलोनी के प्रवेश मार्ग को लेकर बीते चार दिनों से चला आ रहा विवाद आखिरकार संवाद के जरिए सुलझ गया है।
सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए एचटीटीपी प्रबंधन द्वारा स्याहीमुड़ी–रामनगर मार्ग को मलवा डालकर बंद कर दिया गया था, जिससे ग्रामीणों खासकर महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
मार्ग बंद होने से ग्रामीणों को अंधेरे और असुरक्षित वैकल्पिक रास्तों से गुजरना मजबूरी बन गई थी, वहीं एचटीटीपी प्रबंधन का कहना था कि कॉलोनी से सटी सीएसईबी की जमीन पर बनी अवैध दुकानों, बाहरी आवाजाही, चोरी, हुड़दंग और महिलाओं से अभद्रता की घटनाओं के चलते कॉलोनी में रहने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के परिवारों की सुरक्षा खतरे में थी।
स्थानीय पार्षद स्तर पर हुई बातचीत तीन दिन तक बेनतीजा रही, जिसके बाद मामले में पूर्व राजस्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल ने हस्तक्षेप किया। उनके प्रयासों से ग्रामीणों और एचटीटीपी प्रबंधन के बीच द्विपक्षीय बैठक हुई, जिसमें दोनों पक्षों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।


बैठक में पहले प्रस्तावित तीन फीट मार्ग को ग्रामीणों ने नकार दिया, जिसके बाद चारपहिया वाहनों के आवागमन के लिए छह फीट चौड़ा मार्ग खोलने पर सहमति बनी।
इस बैठक में नगर निगम नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू, कांग्रेस जिला अध्यक्ष मुकेश राठौर सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं मौजूद रहीं।
हालांकि मार्ग खुलने से लोगों को राहत जरूर मिली है, लेकिन क्षेत्र में अवैध दुकानों, असामाजिक गतिविधियों और महिला सुरक्षा को लेकर स्थायी समाधान की मांग अभी भी बनी हुई है।




