सूरजपुर

पिकनिक के अगले दिन पूरा स्कूल गायब! सूरजपुर के आत्मानंद स्कूल में शिक्षकों-छात्रों की सामूहिक अनुपस्थिति से मचा प्रशासनिक हड़कंप

रिपोर्टर – सुरेन्द्र साहू | लोकेशन – सूरजपुर, छत्तीसगढ़

सूरजपुर जिले के रामानुजनगर विकासखंड स्थित आत्मानंद स्कूल भुवनेश्वरपुर में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। रविवार को आयोजित स्कूल पिकनिक से लौटने के बाद अगले ही दिन शिक्षकों और 12वीं कक्षा के सभी छात्रों का सामूहिक रूप से स्कूल न पहुंचना प्रशासन के लिए चिंता का विषय बन गया है।

रविवार को विद्यालय के छात्र और शिक्षक सरगुजा जिले के पर्यटन स्थल मैनपाट पिकनिक मनाने गए थे। शाम तक सभी अपने घर वापस आ गए, लेकिन सोमवार सुबह पूरा स्कूल लगभग खाली मिला। न शिक्षक पहुंचे और न ही छात्र।

स्थिति की जानकारी मिलते ही जिला शिक्षा अधिकारी अजय मिश्रा व ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अचानक निरीक्षण के लिए स्कूल पहुंचे। जांच के दौरान अधिकारियों ने प्रबंधन से पूछा कि आखिर ऐसी कौन-सी वजह थी कि पिकनिक के अगले ही दिन पूरा स्टाफ और विद्यार्थी अनुपस्थित रहे।

मीडिया द्वारा पूछे गए सवालों पर जिला शिक्षा अधिकारी अजय मिश्रा ने कहा—
“मामले को गंभीरता से जांचा जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर विभागीय कार्यवाही निश्चित है।”

यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब हाल ही में नारायणपुर जिले में एक निजी स्कूल द्वारा केजी-2 के बच्चे को अमानवीय सजा देने का मामला शिक्षा जगत में तीखी प्रतिक्रिया का विषय बना हुआ है। लगातार हो रही घटनाओं ने छत्तीसगढ़ की शिक्षा व्यवस्था पर सवालों की बौछार खड़ी कर दी है।

अब आत्मानंद स्कूल के इस “पिकनिक डे के बाद सामूहिक गायब होने” वाले प्रकरण ने फिर से यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि क्या स्कूलों में अनुशासन और प्रशासनिक नियंत्रण कमजोर पड़ रहा है?

जिला शिक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट ही यह तय करेगी कि यह महज लापरवाही का मामला था या इसके पीछे कोई अन्य वजह छिपी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button