जांजगीर-चांपा

13 दिसंबर को जांजगीर-चांपा में लगेगी वर्ष 2025 की चौथी राष्ट्रीय लोक अदालत—बड़े पैमाने पर प्रकरण निपटारे की तैयारी तेज

जांजगीर-चांपा
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देश पर आगामी 13 दिसंबर 2025, शनिवार को देशभर में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसी कड़ी में जांजगीर-चांपा जिले में भी व्यापक स्तर पर लोक अदालत की तैयारियाँ शुरू कर दी गई हैं। यह वर्ष 2025 की चौथी और अंतिम नेशनल लोक अदालत होगी, जिसके सुचारु संचालन हेतु आज जिला न्यायालय परिसर में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष शक्ति सिंह राजपूत ने की। उन्होंने संबंधित सभी विभागों को निर्देश दिया कि प्री-लिटिगेशन मामलों और लंबित प्रकरणों का तत्काल परीक्षण कर ऐसे मामलों की सूची तैयार की जाए जिन्हें आपसी सहमति से लोक अदालत में निपटाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि लोक अदालत का मूल उद्देश्य है—सुलभ, त्वरित और किफायती न्याय उपलब्ध कराना, इसलिए राजीनामा योग्य मामलों की पहचान प्राथमिकता से की जानी चाहिए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि पक्षकारों से समय रहते संवाद स्थापित कर उन्हें समझाइश दें, ताकि सहमति आधारित निपटारे का रास्ता सुगम हो सके।

इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव मनोज कुमार कुशवाहा ने बताया कि लोक अदालत के जरिए न्यायालयों में लंबित मामलों की संख्या में उद्देश्यपूर्ण कमी लाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि 13 दिसंबर को जिला एवं सत्र न्यायालय जांजगीर, जिले के सभी तालुका न्यायालय, तथा जांजगीर-चांपा और शक्ति क्षेत्र के सभी राजस्व न्यायालयों में लोक अदालत की खंडपीठें गठित की जाएंगी। इन खंडपीठों के माध्यम से दीवानी, आपराधिक, मोटर दुर्घटना दावा, बैंक रिकवरी, परिवारिक विवाद, विद्युत बिल, संपत्ति विवाद, श्रम मामलों सहित विभिन्न प्रकार के प्रकरणों का समाधान एक ही दिन में किया जाएगा।

बैठक में प्रथम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश शैलेन्द्र चौहान, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रवीण मिश्रा, सीजेएम शक्ति शुभदा गोयल, पुलिस अधीक्षक शक्ति प्रफुल्ल कुमार ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप, सहित कई विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने अपने विभागों में लंबित मामलों की समीक्षा कर उन्हें लोक अदालत हेतु प्रस्तुत करने का आश्वासन दिया।

जिले में आयोजित होने वाली यह महत्वपूर्ण नेशनल लोक अदालत, हजारों पक्षकारों को त्वरित समाधान उपलब्ध कराने के साथ न्याय की पहुँच को और अधिक सरल व प्रभावी बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button