सक्ती

चार साल से सरकारी कॉलोनी में बिजली चोरी का खेल! अधिकारी-कर्मचारी बिना मीटर के जला रहे हैं रोशनी, अब विभाग की नींद टूटी

जैजैपुर, जिला सक्ती (छ.ग.)

अधिकारियों के सरकारी आवासों में चार साल से बिजली चोरी – विभाग ने अब दिखाई सख्ती

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के जैजैपुर ब्लॉक मुख्यालय में सरकारी अधिकारियों के आवासों में बिजली चोरी का बड़ा मामला सामने आया है। यहाँ के जीएडी कॉलोनी में चार साल से बिना मीटर के बिजली जल रही है। सरकारी कर्मचारी और अधिकारी सीधे लाइन से बिजली का उपयोग कर रहे हैं — जिससे शासन को हर महीने हजारों रुपये का नुकसान हो रहा है।

जैजैपुर में बनाए गए 44 जीएडी कॉलोनी के सरकारी क्वार्टरों में तहसीलदार, सीएमओ, शिक्षा विभाग, राजस्व विभाग, पंचायत विभाग समेत कई अधिकारी-कर्मचारी निवास कर रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि इन सभी क्वार्टरों में पिछले चार वर्षों से न तो बिजली मीटर लगाए गए हैं और न ही कोई उपभोक्ता बिजली बिल का भुगतान कर रहा है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सरकारी अधिकारी सीधे बिजली की मुख्य लाइन से कनेक्शन लेकर अपने सरकारी घरों में रोशनी और उपकरण चला रहे हैं। आम जनता के लिए जहां बकाया बिल की स्थिति में तुरंत कनेक्शन काट दिया जाता है, वहीं इन सरकारी कॉलोनियों में वर्षों से जारी यह अवैध उपयोग प्रशासन और बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है।

मामला सामने आने के बाद अब बिजली विभाग हरकत में आया है। विभागीय अधिकारियों ने इन सभी सरकारी आवासों में रहने वाले कर्मचारियों को नोटिस जारी किया है। उन्हें जल्द से जल्द बिजली बिल जमा करने और मीटर कनेक्शन लगवाने के निर्देश दिए गए हैं।

साथ ही, विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि पिछले एक साल का पेनल्टी चार्ज भी लगाया जाएगा। यदि तय समय सीमा में बकाया राशि जमा नहीं की जाती है तो संबंधित सरकारी आवासों की बिजली काटने की कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि “जब आम जनता से एक माह का भी बकाया बर्दाश्त नहीं किया जाता, तो अधिकारियों के आवासों में चार साल से बिना मीटर बिजली कैसे जल रही है?” लोगों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

“सवाल सिर्फ बिजली चोरी का नहीं, जवाबदेही का भी है — जब नियम जनता पर लागू होते हैं, तो अफसरों पर क्यों नहीं?”

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button