कुलीपोटा में तीनों शालाओं का संयुक्त वार्षिकोत्सव संपन्न, बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन

लोकेशन:- कुलीपोटा
रिपोर्टर:- शुभांशु मिश्रा
कुलीपोटा से खबर है, जहां प्राथमिक शाला, पूर्व माध्यमिक शाला और हाई स्कूल के विद्यार्थियों का संयुक्त वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बच्चों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया, वहीं अतिथियों ने बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार और खेलकूद का महत्व बताया।
कुलीपोटा में आज प्राथमिक शाला, पूर्व माध्यमिक शाला एवं हाई स्कूल के विद्यार्थियों का वार्षिकोत्सव कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष शिशुपाल सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम सरपंच पूजा संजय लहरे ने की।

विशिष्ट अतिथि के रूप में शाला विकास समिति के अध्यक्ष अनिल साहू, रेशम साहू एवं उप सरपंच रजनी साहू मंचासीन रहे।
मुख्य अतिथि शिशुपाल सिंह ने अपने उद्बोधन में बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने डिजिटल युग में मोबाइल फोन का उपयोग ज्ञानवर्धन के लिए करने और अनावश्यक उपयोग से बचने की सलाह दी।
इस अवसर पर प्रतिभावान छात्रों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने गीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य अनिल सराफ, शिक्षक साहू जी, शिक्षिका प्रगति राठौर, बघेल मैडम, पाठक सर सहित ग्राम के प्रबुद्ध नागरिक रामलाल जी, दयाराम जी, गेंदूराम यादव, संजय लहरे, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।




