बलरामपुर

रेत में दबा था कत्ल का राज़, पत्नी और प्रेमी ने रची खौफनाक साजिश, बलरामपुर पुलिस ने सुलझाई मर्डर मिस्ट्री

जय ठाकुर
स्थान:- बलरामपुर, छत्तीसगढ़


बलरामपुर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां पत्नी और उसके प्रेमी ने मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कर दी और शव को सेंदूर नदी के किनारे रेत में दबा दिया। यह सनसनीखेज वारदात करीब 15 दिन बाद सामने आई, जब ग्रामीणों ने नदी किनारे रेत में दबा एक अज्ञात शव देखा।
29 जनवरी 2026 की शाम थाना बलरामपुर क्षेत्र के ग्राम सतिमेसर में सेंदूर नदी के किनारे कुछ ग्रामीणों को रेत में संदिग्ध चीज नजर आई। पास जाकर देखने पर पता चला कि वहां एक शव दबा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया गया। शव की हालत इतनी खराब थी कि चेहरा पहचान में नहीं आ रहा था, जिससे मामला पूरी तरह मर्डर मिस्ट्री बन गया।

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया, जिसमें खुलासा हुआ कि मौत सिर पर गंभीर वार के कारण हुई है। इसके बाद पुलिस ने मृतक की शिनाख्त शुरू की। जांच के दौरान शव की पहचान छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल में प्रधान आरक्षक के पद पर दंतेवाड़ा में पदस्थ विश्वनाथ केरकेट्टा, निवासी ग्राम सतिमेसर के रूप में हुई।

जैसे ही पुलिस ने मृतक के परिजनों से पूछताछ शुरू की, जांच की दिशा बदल गई। पुलिस को मृतक की पत्नी क्लोरिंटिका केरकेट्टा के व्यवहार पर संदेह हुआ। सख्ती से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सामने आया कि क्लोरिंटिका का गांव के ही युवक विवेक टोप्पो के साथ लंबे समय से अवैध प्रेम संबंध था। पति इस रिश्ते में बाधा बन रहा था, इसलिए दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि 14 जनवरी 2026 की रात विश्वनाथ को बहाने से सेंदूर नदी के किनारे बुलाया गया। वहां पहले से मौजूद प्रेमी विवेक टोप्पो ने सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को रेत में दबा दिया गया और पहचान छुपाने के लिए मृतक का मोबाइल फोन, दस्तावेज और कपड़े भी गायब कर दिए गए।

बलरामपुर पुलिस ने मोबाइल लोकेशन, तकनीकी साक्ष्य और गहन पूछताछ के आधार पर दोनों आरोपियों—विवेक टोप्पो (31 वर्ष) और क्लोरिंटिका केरकेट्टा (31 वर्ष)—को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ धारा 103(1) और 238 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस मामले के खुलासे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस का कहना है कि यह मामला रिश्तों में बढ़ते अविश्वास और अपराध की खतरनाक परिणति को दर्शाता है। बलरामपुर पुलिस की सतर्कता से रेत में दबा यह खौफनाक राज़ आखिरकार सामने आ गया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button