शराबी पति से तंग पत्नी बनी हत्यारी, जेठ और भांजे के साथ मिलकर की हत्या

रिपोर्टर-प्रदीप माहेश्वरी/लोकेशन-बलौदाबाजार


बलौदाबाजार जिले के ग्राम बिनोरी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक पत्नी ने अपने ही पति की हत्या कर दी। हत्या की इस वारदात में उसका जेठ और भांजा भी शामिल रहे। पुलिस जांच में सामने आया कि घरेलू विवाद और पति की शराबखोरी से परेशान होकर यह खौफनाक कदम उठाया गया।


मामला बलौदाबाजार जिले के ग्राम बिनोरी का है, जहां मृतक रामकुमार साय की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पुलिस को मामला संदिग्ध लगा। शुरुआत में इसे सामान्य मौत बताने की कोशिश की गई, लेकिन शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की।
फोरेंसिक जांच में खुलासा हुआ कि रामकुमार साय की गमछे से गला दबाकर हत्या की गई है। इसके बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी, उसके जेठ और भांजे से कड़ी पूछताछ की, जिसमें तीनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपियों ने बताया कि मृतक आदतन शराब पीता था और आए दिन घर में झगड़ा करता था, जिससे तंग आकर उन्होंने मिलकर गमछे से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद सबूत छिपाने के लिए गमछे को कुएं में फेंक दिया गया, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।
फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।




