किराना दुकान में चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

लोकेशन – जांजगीर-चांपा/रिपोर्टर – शुभांशु मिश्रा
जांजगीर-चांपा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतवाली थाना क्षेत्र में किराना दुकान में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने महज कुछ घंटों के भीतर दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गया करीब 10 हजार रुपये का सामान भी बरामद कर लिया गया है।


मामला जांजगीर के वीरगहनी चौक का है, जहां प्रार्थी शोभाराम साहू ने 1 अप्रैल को थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने रात में उसकी किराना दुकान का ताला तोड़कर करीब 10 हजार रुपये का राशन सामान पार कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में दो संदिग्ध युवक नजर आए। फुटेज के आधार पर उनकी पहचान अमित पटेल और राजवीर सिंह राजपूत, दोनों निवासी वीरगहनी के रूप में हुई।
पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में पहले तो आरोपी गुमराह करते रहे, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया है और दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है, लेकिन इस त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर पुलिस की मुस्तैदी को साबित कर दिया है।




