सुने मकान में चोरी का 24 घंटे में खुलासा, महिला सहित दो आरोपी गिरफ्तार

रिपोर्टर =शुभांशु मिश्रा
लोकेशन बलौदा, जांजगीर-चांपा
जांजगीर-चांपा जिले से बड़ी खबर है, जहां बलौदा थाना पुलिस ने सुने मकान में हुई चोरी के मामले में महज 24 घंटे के भीतर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मामला 16 फरवरी 2026 का है। प्रार्थी संजय मिरी, अपने पारिवारिक कार्यक्रम के चलते घर से बाहर गए हुए थे। 23 फरवरी को जब वे वापस लौटे, तो घर के कमरे का ताला टूटा हुआ मिला। अज्ञात चोरों ने घर से सोने का हार, 20 हजार रुपये नगद और आधार कार्ड चोरी कर लिया था। इस पर थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 85/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में बलौदा पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदेहियों को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में 19 वर्षीय दिव्यांशु सूर्यवंशी उर्फ भईया और 36 वर्षीय सुशीला बाई सूर्यवंशी, दोनों निवासी ग्राम जावलपुर शामिल हैं। आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर चोरी गई 20 हजार रुपये की नगदी भी बरामद कर ली गई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ बीएनएस की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक मनोहर सिन्हा, उप निरीक्षक प्रतिभा राठौर, प्रधान आरक्षक नवीन सिंह, आरक्षक रज्जू रात्रे, संतोष रात्रे, रज्जू टंडन, संदीप सोनंत और महिला आरक्षक चंद्रप्रभा शांतेय की भूमिका सराहनीय रही।
बलौदा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के बीच साफ संदेश गया है कि कानून से बचना अब आसान नहीं।




