छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

सिवनी में बढ़ रही चोरी की वारदातें: हाई स्कूल के बाद रानीपारा में भी चोरी, पुलिस की निष्क्रियता पर उठे सवाल

जांजगीर-चांपा

चांपा थाना क्षेत्र के सिवनी गांव में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने लोगों की नींद उड़ा दी है। बीते दिनों शासकीय हाई स्कूल सिवनी में हुई चोरी और तोड़फोड़ की घटना के बाद भी जब तक पुलिस कार्रवाई करती, तब तक रानीपारा मोहल्ले में एक और चोरी की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, 7 नवम्बर की देर रात चोरों ने रानीपारा निवासी धनीराम देवांगन के घर को निशाना बनाया। चोरों ने घर की आलमारी का ताला तोड़कर सोना-चांदी के जेवर और करीब 45 हजार रुपये नकद सहित कुल 45 हजार रुपये से अधिक का सामान पार कर दिया। घटना का पता सुबह परिवार को चला, जिसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस मौके पर देरी से पहुंची और अब तक किसी आरोपी की पहचान या गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। लोगों ने नाराज़गी जताते हुए कहा कि पुलिस की निष्क्रियता से गांव में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।

लगातार दो घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश

सिवनी के शासकीय हाई स्कूल में हुई तोड़फोड़ और चोरी की वारदात को हुए दो सप्ताह बीत चुके हैं, मगर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। अब रानीपारा की दूसरी वारदात ने लोगों का गुस्सा और बढ़ा दिया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करेंगे और आंदोलन की राह अपनाएंगे।

रात्रि गश्त के अभाव में बढ़ रहे अपराध

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि क्षेत्र में रात्रि गश्त पूरी तरह ठप है, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। हाइस्कूल चौक और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर नशीली दवाओं और प्रतिबंधित टेबलेट्स की खुलेआम बिक्री हो रही है। पुलिस की उदासीनता के कारण असामाजिक तत्वों की गतिविधियाँ लगातार बढ़ रही हैं।

ग्रामीणों ने मांग की है कि पुलिस प्रशासन तत्काल रात्रिकालीन गश्त को सक्रिय करे, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी बढ़ाए और नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई करे, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बहाल हो सके।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button