छत्तीसगढ़जशपुर

कुनकुरी में सूने मकान की चोरी का खुलासा, चोर और खरीदार दोनों गिरफ्तार

रिपोर्टर: दीपक वर्मा / लोकेशन: कुनकुरी, जशपुर

जशपुर जिले के कुनकुरी में सूने मकान में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी करने वाले आरोपी के साथ-साथ चोरी का सामान खरीदने वाले व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद किए हैं।

मामला कुनकुरी थाना क्षेत्र के रेमते रोड मोहल्ले का है। थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार यादव के मुताबिक मकान मालिक के रांची में होने का फायदा उठाकर आरोपी ने घर का ताला तोड़कर करीब 40 हजार रुपये के सामान की चोरी कर ली थी। आरोपी ने अलमारी से सोने के कान के टॉप्स, चांदी की पायल, पांच नग चांदी की साठी और नगद रकम पार कर दी थी।
शिकायत मिलने के बाद कुनकुरी पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरी बस्ती निवासी साहिल चौहान उर्फ मंटू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि उसने चोरी किए गए आभूषण बजरंग नगर निवासी दिवाकर ताम्रकार को 20 हजार रुपये में बेच दिए थे।
पुलिस ने खरीदार दिवाकर ताम्रकार को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर लिए। साथ ही आरोपी की निशानदेही पर घर और अलमारी का ताला तोड़ने में इस्तेमाल लोहे की रॉड भी जब्त की गई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई में कुनकुरी थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार यादव के साथ पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button