तीन जगह हुई चोरी का खुलासा, 24 घंटे के भीतर 3 आरोपी गिरफ्तार

रिपोर्टर: शुभांशु मिश्रा / लोकेशन: जांजगीर-चांपा
जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा थाना क्षेत्र में हुई तीन अलग-अलग चोरी की घटनाओं का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 3 लाख 70 हजार रुपये के सोने-चांदी के जेवर, बर्तन और नगदी बरामद की गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

दरअसल पहला मामला हरदी महामाया गांव के वार्ड क्रमांक 12 का है, जहां दाऊ राम साहू अपने घर में ताला लगाकर अपने बेटों के पास कोरबा और बिलासपुर गए हुए थे। करीब एक महीने बाद जब वे 27 फरवरी को अपने घर लौटे तो देखा कि घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का ताला टूटा हुआ था। जांच करने पर पता चला कि घर में रखे चांदी का करधन, पायल, अंगूठियां, सोने की फुली और करीब 20 हजार रुपये नगद चोरी हो चुके थे। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
दूसरी घटना में जांजगीर के न्यू चंदनियापारा निवासी आनंद मोहन पांडेय के हरदी महामाया स्थित घर में 18 फरवरी से 9 मार्च के बीच चोरी की वारदात हुई। अज्ञात चोर घर में घुसकर सोने-चांदी के जेवर और करीब 5 हजार रुपये नगद सहित करीब 3 लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए थे।
वहीं तीसरी घटना हरिओम साहू के घर की है, जो वर्तमान में रायपुर में रहते हैं। जब वे 10 मार्च को अपने गृह ग्राम हरदी महामाया पहुंचे तो घर के दरवाजे का ताला टूटा मिला और अंदर का सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर पता चला कि घर से पीतल और कांसे के करीब 14 किलो वजन के बर्तन चोरी हो चुके थे, जिनकी कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई।
तीनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विजय पांडेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में बलौदा पुलिस ने जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदेहियों को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ के दौरान गणेश केवट उर्फ बुट्टी (24 वर्ष), रोशन बरेठ (18 वर्ष) और दिनेश बरेठ (20 वर्ष) ने अलग-अलग जगहों पर चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर, बर्तन और नगदी सहित कुल करीब 3 लाख 70 हजार रुपये का सामान बरामद कर लिया है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4), 305(ए) और 3(5) के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।




