आपके पैरों में छिपे हैं सेहत के संकेत, इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज

टखनों में दर्द, एड़ी में सूजन या पंजों में बार-बार सुन्नपन को अक्सर लोग मामूली समस्या समझकर अनदेखा कर देते हैं, लेकिन स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार ये लक्षण शरीर में पनप रही कुछ बीमारियों की ओर इशारा कर सकते हैं। पैरों के तलवों में शरीर के विभिन्न अंगों से जुड़े एक्यूप्रेशर प्वाइंट्स होते हैं, जो अंदरूनी स्वास्थ्य स्थिति के संकेत दे सकते हैं।
विशेषज्ञों के मुताबिक तलवों और एड़ियों में लगातार दर्द का एक बड़ा कारण प्लांटर फेशिआइटिस हो सकता है। यह पैर के निचले हिस्से में मौजूद एक लचीला टिश्यू होता है, जो चलने-दौड़ने के दौरान शरीर का दबाव सहता है। इसमें सूजन या खिंचाव बढ़ने पर एड़ी और तलवों में तेज दर्द महसूस हो सकता है।
डॉक्टरों का कहना है कि डायबिटीज़, थायराइड असंतुलन, हाई यूरिक एसिड, मोटापा, फ्लैट फुट या पुराने फ्रैक्चर की समस्या में भी पैरों का दर्द बढ़ सकता है। वहीं लंबे समय तक एक ही स्थिति में बैठने या पैर लटकाने से सुन्नपन आना नर्व्स से जुड़ी परेशानी या आयरन की कमी का संकेत भी हो सकता है।
लाइफस्टाइल से जुड़ी बीमारियां बढ़ा रहीं खतरा
आज की बदलती जीवनशैली के कारण बड़ी संख्या में लोग मोटापा, शुगर, बीपी, थायराइड और जोड़ों के दर्द जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। विशेषज्ञ मानते हैं कि समय रहते संकेतों को पहचानना और जीवनशैली में सुधार करना बेहद ज़रूरी है।
कैसे रखें पैरों और शरीर का ख्याल
योग, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद और तनाव प्रबंधन से इन समस्याओं के खतरे को कम किया जा सकता है। आयुर्वेद और योग को सहायक उपाय के रूप में अपनाया जा सकता है, लेकिन किसी भी उपचार से पहले विशेषज्ञ की सलाह जरूरी है।
डिस्क्लेमर:
यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी स्वास्थ्य समस्या, दवा या उपचार को अपनाने से पहले डॉक्टर या योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से सलाह अवश्य लें।




