बिरगहनी चौक–देवरहा पीथमपुर पुल पर नहीं है रेलिंग, राहगीरों की जान पर खतरा – प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग

जांजगीर-चांपा
बिरगहनी चौक से देवरहा पीथमपुर मार्ग पर बने पुल की स्थिति इन दिनों चिंता का विषय बनी हुई है। पुल के दोनों ओर सुरक्षा रेलिंग नहीं होने के कारण आए दिन लोगों को हादसे का डर सताता है। इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों दोपहिया और चारपहिया वाहन गुजरते हैं, लेकिन सुरक्षा इंतज़ाम नदारद हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि रात के समय दृश्यता कम होने पर पुल पार करना बेहद जोखिमभरा हो जाता है। कई बार वाहन फिसलते-फिसलते बचे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि पुल के किनारे न तो कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया है और न ही अस्थायी बैरियर।


एक राहगीर ने कहा, “अगर किसी वाहन का संतुलन बिगड़ा तो सीधे नाले में गिरने की संभावना रहती है। अधिकारी मौके का निरीक्षण करें और रेलिंग जल्द लगवाएं।”
ग्रामीणों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से जल्द ही स्थायी रेलिंग लगाने और चेतावनी संकेतक बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके।




