
रिपोर्टर: सुरेन्द्र साहू / लोकेशन: सूरजपुर, छत्तीसगढ़
सूरजपुर जिले के ओड़गी विकासखंड स्थित प्रसिद्ध कुदरगढ़ धाम में चैत्र नवरात्र के अवसर पर आयोजित होने वाले तीन दिवसीय कुदरगढ़ महोत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं। महोत्सव को लेकर प्रशासन और लोक न्यास ट्रस्ट की संयुक्त बैठक आयोजित कर व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।



दरअसल, कुदरगढ़ में हर साल की तरह इस वर्ष भी चैत्र नवरात्र के मौके पर तीन दिवसीय कुदरगढ़ महोत्सव का आयोजन 23 से 25 मार्च 2026 तक किया जाएगा। महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए कुदरगढ़ स्थित न्यू रेस्ट हाउस में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में लोक न्यास ट्रस्ट के अध्यक्ष राम सेवक पैकरा, कलेक्टर एस. जयवर्धन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत ठाकुर, जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले, संयुक्त कलेक्टर पुष्पेंद्र शर्मा और एसडीएम चांदनी कंवर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग प्रबंधन, पेयजल आपूर्ति, निर्बाध बिजली व्यवस्था, मंच सज्जा, विभागीय स्टॉल, अग्निशमन व्यवस्था, खेलकूद प्रतियोगिताएं और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर विभागवार जिम्मेदारियों की समीक्षा की गई।
इसके साथ ही स्वच्छता और कचरा प्रबंधन पर विशेष जोर देते हुए कलेक्टर ने मंदिर परिसर के आसपास दुकान लगाने वाले दुकानदारों की बैठक लेकर उन्हें कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। साथ ही महोत्सव के दौरान पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पानी के टैंकर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक के बाद लोक न्यास ट्रस्ट के अध्यक्ष, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक सहित अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का संयुक्त निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।




