थर्ड जनरेशन रेनो डस्टर भारत में रिवील, हाइब्रिड समेत 3 इंजन ऑप्शन और ADAS से लैस होगी SUV

रेनो इंडिया ने 26 जनवरी को भारत में अपनी पॉपुलर SUV डस्टर का थर्ड जनरेशन मॉडल रिवील कर दिया है। कंपनी पहले ही इसके टीजर जारी कर फर्स्ट लुक दिखा चुकी थी। साल 2012 में लॉन्च होकर कॉम्पैक्ट SUV सेगमेंट की शुरुआत करने वाली डस्टर को 2022 में बंद कर दिया गया था, लेकिन अब इसे बिल्कुल नए डिजाइन, एडवांस फीचर्स और हाइब्रिड टेक्नोलॉजी के साथ दोबारा पेश किया जा रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नई रेनो डस्टर की कीमत 10 से 20 लाख रुपए के बीच हो सकती है। भारतीय बाजार में इसका मुकाबला हुंडई क्रेटा, किआ सेल्टोस, टाटा हैरियर, स्कोडा कुशाक, फॉक्सवैगन टाइगुन, मारुति ग्रैंड विटारा और टोयोटा हाइराइडर से होगा।

नई डस्टर को CMF-B प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है। SUV में Y-शेप की LED हेडलाइट्स, मस्कुलर फ्रंट बंपर, स्किड प्लेट्स, चौकोर व्हील आर्च और V-शेप की टेललाइट्स दी गई हैं। यह 5 और 7-सीटर ऑप्शन में आएगी, जिसकी लंबाई 4340mm होगी।
इंटीरियर की बात करें तो इसमें डबल-लेयर डैशबोर्ड, 7-इंच डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले और 10.1-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलेगा। टॉप वैरिएंट में वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो और एपल कारप्ले, वायरलेस चार्जिंग, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल और 6-स्पीकर आर्कमिस 3D साउंड सिस्टम दिया जाएगा।
सेफ्टी के लिए नई डस्टर में लेवल-2 ADAS के साथ करीब 31 सेफ्टी फीचर्स मिलेंगे, जिनमें ऑटोमेटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग जैसे एडवांस फीचर्स शामिल हैं।
परफॉर्मेंस के लिहाज से SUV में 3 इंजन ऑप्शन दिए जाएंगे। इसमें 1.3-लीटर टर्बो पेट्रोल, 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल और 1.2-लीटर हाइब्रिड पेट्रोल इंजन शामिल है। हाइब्रिड इंजन 170bhp की पावर और 200Nm का टॉर्क जनरेट करेगा। सभी इंजन 5-स्पीड गियरबॉक्स के साथ आएंगे और ऑफ-रोडिंग क्षमता पर भी खास ध्यान दिया गया है।




