करोड़ों की ठगी, फर्जी सी बुल्स ग्लोबल सोल्यूशन कंपनी के तीन आरोपी गिरफ्तार

दीपक वर्मा – जशपुर
लोकेशन – पत्थलगांव
28/11/2025
जशपुर पुलिस के ऑपरेशन अंकुश में करोड़ों की ठगी करने वाले फर्जी कंपनी सी बुल्स ग्लोबल सॉल्यूशन के तीन मुख्य आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गए। झारखंड से गिरफ्तार कर सभी को जेल भेज दिया गया है।
पत्थलगांव में 06 करोड़ की मेगा ठगी की शिकायत के बाद जशपुर पुलिस लगातार फरार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। पुलिस की टेक्निकल टीम और मुखबिरों की मदद से कंपनी का एमडी मो. सिराज आलम, पार्टनर इमरान खान और सहयोगी संतोष कुमार साव को बोकारो और रांची से पकड़ा गया है।

आरोपियों ने ग्रामीणों को निवेश पर हर दिन 1% ब्याज और 10 महीने में रकम तीन गुना करने का लालच दिया था। शुरुआती महीनों में ब्याज देकर भरोसा जीतने के बाद कंपनी बंद कर भाग गए थे। जशपुर, कोरबा, बिलासपुर और अंबिकापुर सहित कई जगहों पर मीटिंग कर लाखों–करोड़ों की राशि जमा कराई गई थी। वहीं पैसा वापस मांगने पर ठगों ने निवेशकों के आधार कार्ड, पैन कार्ड लेकर नकली कंपनी में डायरेक्टर बनाने का नाटक भी किया और अंत में वेबसाइट बंद कर गायब हो गए।
एसएसपी शशि मोहन सिंह जशपुर ने कहा जशपुर पुलिस द्वारा “तीनों आरोपियों को झारखंड से हिरासत में लाकर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। आगे की जांच जारी है।”




