सक्ति में 13 साल के बच्चे पर चाकू से हमला: “सरप्राइज” देने के बहाने दी गई वारदात को अंजाम, तीन नाबालिगों पर शक

सक्ति
जिले के हसौद थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ 13 वर्षीय मासूम बच्चे पर चाकू नुमा हथियार से हमला किया गया। यह घटना उस वक्त हुई जब बच्चे को उसके ही जानने वाले तीन नाबालिगों ने ‘सरप्राइज देने’ के बहाने बुलाया था।
जानकारी के अनुसार, घायल बालक साहिल साहू, जोकि सरस्वती शिशु मंदिर में कक्षा 6वीं का छात्र है, शनिवार को स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रहा था। इसी दौरान, रास्ते में उसके परिचित एक बालिका और दो अन्य नाबालिगों ने उसे रोका और कहा कि वे उसे कुछ सरप्राइज देना चाहते हैं। उन्होंने साहिल से आंख बंद करने को कहा, और जैसे ही उसने ऐसा किया, उनमें से एक ने चाकू नुमा हथियार से उसके गले पर वार कर दिया।


वार इतनी तेज थी कि साहिल के गले में करीब 25 से 30 टांके लगाने पड़े। मौके पर खून बहने लगा, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना परिवार को दी। परिजन तुरंत साहिल को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहाँ उसका प्राथमिक उपचार जारी है।
गनीमत रही कि हथियार गले के भीतर गहराई तक नहीं गया, वरना यह वार जानलेवा साबित हो सकता था। फिलहाल बच्चे की हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही हसौद थाना प्रभारी राजेश कुमार पटेल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि
“प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीन नाबालिगों ने ‘सरप्राइज देने’ के बहाने इस घटना को अंजाम दिया। फिलहाल एक बालिका और दो नाबालिग लड़कों की संलिप्तता की बात सामने आई है। मामला दर्ज कर जांच की जा रही है, आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
पुलिस अब हमले के पीछे की असली वजह और नाबालिगों के इरादे की जांच में जुटी है। इलाके में इस घटना के बाद लोगों में दहशत और आक्रोश दोनों देखा जा रहा है।




