अकलतरा क्षेत्र के पकरिया (लटिया) धान खरीदी केंद्र पर टोकन विवाद, विधायक ने अधिकारियों को लगाई फटकार

रिपोर्टर:मयंक
स्थान: पकरिया (लटिया) ,अकलतरा छत्तीसगढ़
अकलतरा क्षेत्र के पकरिया (लटिया) धान खरीदी केंद्र में किसानों के टोकन नहीं काटे जाने को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। शिकायत मिलने पर विधायक राघवेंद्र कुमार सिंह गुरुवार सुबह करीब 11 बजे धान खरीदी केंद्र पहुंचे और किसानों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।
किसानों ने विधायक को बताया कि टोकन जारी नहीं होने के कारण वे धान बेचने में असमर्थ हैं। किसान दिनेश सिंह ने कहा कि राजस्व और सहकारिता विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने पर “उच्च अधिकारियों के निर्देश” का हवाला देकर टोकन काटने से इनकार किया जा रहा है। वहीं अभिषेक सिंह ने आरोप लगाया कि केंद्र पहुंचने पर अधिकारी धान के भौतिक सत्यापन का हवाला देकर किसानों को लगातार टाल रहे हैं।


किसान जयप्रकाश साहू ने बताया कि घर में जगह कम होने के कारण धान अलग-अलग स्थानों पर रखा गया है, जिसे अधिकारी सत्यापन में मान्य नहीं मान रहे और खरीद से मना कर रहे हैं। टोकन नहीं मिलने से किसान लंबे समय से परेशान हैं।
मौके पर मौजूद अतिरिक्त तहसीलदार शालिनी तिवारी, नायब तहसीलदार प्रशांत गुप्ता, सहकारिता उपपंजीयक मंजू पांडेय, नोडल अधिकारी अमित साहू और सहकारिता विस्तार अधिकारी अमर राठौर से विधायक ने सख्त लहजे में सवाल किया कि टोकन न काटने का निर्देश किसके आदेश से दिया गया है। विधायक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सत्यापन के नाम पर किसानों को परेशान न किया जाए और तत्काल टोकन जारी किए जाएं।
अतिरिक्त तहसीलदार ने जानकारी दी कि सहकारिता विभाग में ऑनलाइन प्रविष्टि के बाद तीन दिनों के भीतर 64 किसानों के टोकन जारी कर सत्यापन किया जाएगा। विधायक ने निर्देश दिए कि तीन दिन में सभी किसानों की समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाए।






