टेक्नोलॉजी

बिना रुके कटेगा टोल! गुजरात में तैयार देश का पहला बैरियर-फ्री टोल प्लाजा, 2 फरवरी से ट्रायल शुरू

अब हाईवे पर सफर और भी तेज़, स्मार्ट और झंझट-मुक्त होने वाला है। केंद्र सरकार की डिजिटल और स्मार्ट ट्रांसपोर्ट व्यवस्था की दिशा में एक बड़ी पहल के तहत देश का पहला मल्टी-लेन बैरियर-फ्री टोल प्लाजा गुजरात में तैयार हो गया है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) इस अत्याधुनिक टोल सिस्टम का ट्रायल 2 फरवरी से शुरू करने जा रही है।
यह बैरियर-फ्री टोल प्लाजा गुजरात के सूरत जिले के कामरेज क्षेत्र स्थित चोर्यासी टोल प्लाजा पर स्थापित किया गया है। यहां अब वाहनों को टोल देने के लिए न तो रुकना पड़ेगा और न ही लंबी कतारों में लगना होगा। गाड़ियां बिना ब्रेक लगाए सीधे टोल लेन से गुजर सकेंगी।
कैसे काम करेगा नया सिस्टम?
इस टोल प्लाजा पर ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। हाई-रिजॉल्यूशन कैमरे वाहनों की नंबर प्लेट स्कैन करेंगे और FASTag से जुड़ा टोल अमाउंट अपने आप कट जाएगा। पूरी प्रक्रिया पूरी तरह कॉन्टैक्टलेस होगी और वाहन करीब 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बिना रुके गुजर सकेंगे।
ईंधन और समय की होगी बड़ी बचत
अधिकारियों के मुताबिक, इस सिस्टम के पूरी तरह लागू होने से हर साल लगभग 1500 करोड़ रुपये के ईंधन की बचत होगी, जबकि करीब 6000 करोड़ रुपये के अतिरिक्त राजस्व की संभावना है। इस प्रोजेक्ट में ताइवान की FETC एजेंसी के विशेषज्ञों ने तकनीकी सहयोग दिया है।
आगे की योजना
केंद्र सरकार की योजना है कि 2026 के अंत तक देशभर के 1050 से अधिक टोल प्लाजा को AI आधारित मल्टी-लेन फ्री-फ्लो सिस्टम में बदला जाए। गुजरात का यह पायलट प्रोजेक्ट सफल रहा तो आने वाले समय में देश के हाईवे पर टोल प्लाजा की तस्वीर पूरी तरह बदल सकती है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button