मड़वा प्लांट में दर्दनाक हादसा, ट्रक की चपेट में आने से चालक की मौत

रिपोर्टर – ब्यूरो रिपोर्ट
लोकेशन – जांजगीर-चांपा
जांजगीर-चांपा जिले के जांजगीर थाना क्षेत्र अंतर्गत मड़वा प्लांट से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है।
आज तड़के करीब 3:30 बजे प्लांट में राखड़ लेकर पहुँचा एक भारी वाहन हादसे का शिकार हो गया, जिसमें चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक चालक की पहचान प्रहलाद केवट उम्र 45 वर्ष, पिता हंसराज केवट, निवासी जर्वे के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि चालक गाड़ी को प्लांट गेट तक लाने के बाद नीचे उतरा था, तभी अचानक वाहन पीछे की ओर ढुलकने लगा।
गाड़ी को रोकने की कोशिश में चालक दौड़ा, लेकिन इसी दौरान वाहन पलट गया और वह उसके नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद मृतक को जिला अस्पताल ले जाया गया। सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुँचे और मामले में आगे की कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है। नैला थाना प्रभारी भवानी सिंह और कोतवाली प्रभारी जय प्रकाश गुप्ता मौके पर पहुँचकर स्थिति को संभाले हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




