नरहरा वाटरफॉल में दर्दनाक हादसा—रायपुर के युवक का 20 घंटे बाद मिला शव, पिकनिक के दौरान गहरे पानी में डूबा

धमतरी
जिले के मशहूर पर्यटन स्थल नरहरा वाटरफॉल में पिकनिक मनाने आए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। युवक का शव करीब 20 घंटे बाद बरामद किया गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मगरलोड थाना पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
धमतरी जिले के नरहरा जलप्रपात में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। रायपुर के कोटा निवासी तुरंत नायक अपने दोस्तों के साथ 30 नवंबर को पिकनिक मनाने नरहरा वाटरफॉल पहुंचा था। सभी दोस्त नहाने के लिए पानी में उतरे, इसी दौरान तुरंत नायक गहरे पानी में चला गया और अचानक डूबने लगा।
दोस्तों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तुरंत गोताखोरों की मदद से युवक की खोजबीन शुरू की, लेकिन रविवार देर शाम तक युवक का कोई पता नहीं चल सका।


रातभर तलाश के बाद आज सोमवार सुबह युवक का शव वाटरफॉल के भीतर गहरे हिस्से में तैरता मिला। पुलिस और गोताखोरों की टीम ने बड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मगरलोड थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद पर्यटन स्थल में सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि हर साल यहां पानी की गहराई और फिसलन के कारण कई दुर्घटनाएँ होती हैं।




