सक्ती में दर्दनाक हादसा: गोंडवाना एक्सप्रेस से कटकर 28 वर्षीय युवक की मौत

रिपोर्टर – लाला उपाध्याय
लोकेशन – सक्ती
सक्ती जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां गोंडवाना एक्सप्रेस से कटकर एक 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। यह घटना बुधवार शाम सक्ती थाना क्षेत्र में रेलवे फाटक के पास हुई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक ने रेलवे फाटक के समीप अपनी बाइक खड़ी की और अचानक ट्रैक पर जाकर सामने से आ रही ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक उछलकर पटरी पर गिर पड़ा और ट्रेन उसके ऊपर से गुजर गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के तुरंत बाद ट्रेन चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोकी। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को ट्रेन के नीचे से बाहर निकाला और गंभीर हालत में निजी एंबुलेंस से नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने युवक की हालत नाजुक बताते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही युवक ने दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान ग्राम टेमर निवासी मुकेश पटेल (28 वर्ष) के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवक द्वारा यह कदम उठाने के पीछे के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




