डभरा-खरसिया मुख्य मार्ग पर दर्दनाक हादसा, बाइक सवार शिक्षक की मौत आक्रोशित ग्रामीणों ने शव रखकर किया चक्का जाम

सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र अंतर्गत डभरा-खरसिया मुख्य मार्ग के लक्ष्मणभाटा में आज एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया है, जिससे मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, लक्ष्मणभाटा स्थित नौरंगे फैब्रिकेशन के पास खरसिया की ओर से आ रहे एक वाहन ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार वाहन के पहियों के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।


मृतक की पहचान रघुनंदन चंद्रा (उम्र लगभग 42 वर्ष) के रूप में हुई है, जो शिक्षक व BLO थे। बताया जा रहा है कि वे घर से डभरा एस आई आर कार्य का पंचनामा जमा करने जा रहे थे। मृतक के पिता छात्रसिया चंद्र सेवानिवृत्त सीईओ बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर डभरा-खरसिया मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों द्वारा मुआवजे और कार्रवाई की मांग की जा रही है।
सूचना मिलते ही डभरा पुलिस मौके पर पहुंच गई है और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रही है। फिलहाल मार्ग पर यातायात पूरी तरह से बाधित है और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है।
इस संबंध में आगे की कार्रवाई जारी है।




