बलरामपुर

कुसमी–अंबिकापुर मार्ग पर दर्दनाक हादसा, बस–बाइक टक्कर में दो युवकों की मौत, एक गंभीर

लोकेशन: कुसमी, छत्तीसगढ़
संवाददाता: दयाशंकर यादव

कुसमी विकासखंड अंतर्गत कुसमी–अंबिकापुर मुख्य मार्ग पर आज एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। जनपद पंचायत कुसमी कार्यालय गेट से मात्र 20 मीटर की दूरी पर तेज़ रफ्तार बस और मोटरसाइकिल की आमने-सामने की भिड़ंत में दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 30 F 1944 में सवार तीन युवक कुसमी से अपने गांव मोतीनगर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बगीचा से कुसमी की ओर आ रही शमीम बस (CG 14 G 0136) से ड्राइवर साइड की ओर से ज़ोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दो युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही कुसमी थाना प्रभारी विरासत कुजूर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। आसपास के लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई। मृतकों की पहचान कर ली गई है, वहीं गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल कुसमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि तीनों युवक ग्राम पंचायत मोतीनगर के निवासी थे। पुलिस ने फोन के माध्यम से मृतकों और घायल युवक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। फिलहाल बस को जप्त कर कुसमी थाने में रखा गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button