मक्का से मदीना जा रहे 45 भारतीयों की दर्दनाक मौत

उमरा यात्रियों की बस डीज़ल टैंकर से टकराई, टक्कर के बाद बस में लगी आग,सिर्फ ड्राइवर जिंदा बचा
रियाद | अंतरराष्ट्रीय डेस्क
सऊदी अरब में सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में 45 भारतीय उमरा यात्रियों की मौत हो गई। मक्का से मदीना जा रही बस मुहरास क्षेत्र में डीज़ल टैंकर से भिड़ गई, जिसके बाद बस में आग लग गई और यात्री बाहर निकल भी नहीं पाए। हादसे में सिर्फ बस का ड्राइवर जीवित बचा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना तेज था कि बस के अंदर बैठे यात्रियों को संभलने या बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।

18 महिलाएं, 17 पुरुष, 10 बच्चे—सभी की मौके पर मौत
हादसे में मारे गए यात्री—
18 महिलाएं
17 पुरुष
10 बच्चे
बस में कुल 46 लोग सवार थे।
हैदराबाद से गए थे सभी यात्री
हैदराबाद पुलिस के मुताबिक, 9 नवंबर को 54 लोग उमरा के लिए सऊदी अरब गए थे।
इनमें से 46 लोग बस में थे
4 लोग कार से पहले ही मदीना पहुंच गए
4 लोग मक्का में ही रुक गए
हादसा भारतीय समयानुसार रात 1:30 बजे हुआ। अधिकांश यात्री सो रहे थे, जिसके कारण उन्हें संभलने का कोई मौका नहीं मिला।
अब तक 12 भारतीय मृतकों की पहचान
पहचान किए गए 12 मृतकों के नाम—
अब्दुल मोहम्मद, मोहम्मद मौलाना, सोहेल मोहम्मद, मस्तान मोहम्मद, परवीन बेगम, जकिया बेगम, शौकत बेगम, फरहीन बेगम, जहीन बेगम, मोहम्मद मंजूर, मोहम्मद अली, गौसिया बेगम।
भारतीय दूतावास ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
जेद्दा स्थित भारतीय दूतावास ने 24×7 हेल्पलाइन जारी की—
8002440003
तेलंगाना सरकार की ओर से जारी कंट्रोल रूम नंबर—
79979-59754, 99129-19545
पीएम मोदी और विदेश मंत्री जयशंकर ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने X पर पोस्ट कर कहा—
“मदीना में भारतीय नागरिकों के साथ हुई दुर्घटना से गहरा दुख हुआ है। दूतावास हरसंभव मदद दे रहा है।”
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने हादसे पर कहा—
“हादसा बेहद दुखद और चौंकाने वाला है। भारतीय दूतावास पीड़ितों के परिवारों की पूरी मदद कर रहा है।”
हैदराबाद के एक ही परिवार के 7 लोग मरे
हैदराबाद निवासी मोहम्मद तहसीन ने बताया कि हादसे में उनके परिवार के 7 सदस्य मारे गए। उन्होंने शवों को जल्द भारत लाने की मांग की है।
उमरा क्या है?
उमरा मक्का-मदीना की वह तीर्थयात्रा है जिसे साल के किसी भी दिन किया जा सकता है।
हज की तरह इसके लिए कोई खास तारीख नहीं होती और इसे कई बार किया जा सकता है।




